खबरें बिहार

अटारी के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री करेंगे

पटना (जनमन भारत संवाददाता)। अटारी के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री करेंगे। ऑनलाइन लोकार्पणअटारी जोन 4 के निदेशक डॉ. अंजनी कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 23 नवंबर 2021 को भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के द्वारा अटारी जोन 4 के पटना स्थित नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का लोकार्पण किया जायेगा। इस विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी एवं सुश्री शोभा करंदलाजे भी भाग लेंगी। इस मौके पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री श्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

कृषि की नवीनतम तकनीकों को खेतों तक पहुंचाने में अटारी की अहम भूमिका है। इसी के अंतर्गत राज्य या क्षेत्र के सभी कृषि विज्ञान केन्द्र कार्यरत होते हैं। बिहार और झारखंड में कार्यरत कुल 68 कृषि विज्ञान केन्द्रों के लिए अटारी जोन 4 की स्थापना भारत सरकार के तत्कालीन कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री राधामोहन सिंह के द्वारा 19 अगस्त 2015 को की गई थी। उनकी यह सोच थी कि कृषि में उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने की इस क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। जरुरत इस बात की है कि किसानों को सही समय पर सही जानकारी मिले। इस उद्देश्य से अटारी का क्षेत्रीय कार्यालय बिहार की राजधानी पटना में स्थापित किया गया। इससे पहले यह कार्य कलकत्ता से संचालित होता था।
अप्रैल 2017 में अटारी, पटना के पूर्णकालिक निदेशक के तौर पर डॉ. अंजनी कुमार के योगदान के बाद यह पटना स्थित केंद्रीय आलू अनुसंधान केन्द्र से कार्य करना शुरु किया। साथ ही इसके लिए जगह के आवंटन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण का कार्य भी शुरु हो गया। इसी कड़ी में अटारी जोन 4 के प्रशासनिक भवन के बाद दूसरे चरण में किसान प्रशिक्षण हॉल, किसानों व वैज्ञानिकों के लिए गेस्ट हाउस तथा स्टॉफ क्वार्टर का निर्माण होगा।
23 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम की रुपरेखा बताते हुए निदेशक डॉ. अंजनी कुमार ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्र, उप महानिदेशक(कृषि प्रसार) डॉ. अशोक कुमार सिंह, सहायक उप महानिदेशक डॉ. रंधीर सिंह भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डॉ. आर. सी. श्रीवास्तव, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कुलपति डॉ. अरुण कुमार सिंह और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति डॉ. रामेश्वर सिंह कार्यक्रम को गरिमा प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि सचिव डॉ. एन. सरवनन भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *