खबरें बिहार

नारी शक्ति की जागरूकता से ही समाज में बड़ा बदलाव संभव है: रंजन

–महिलाओं की भागीदारी और उनके सम्मान के लिए मोदी सरकार कई योजनाएं चला रही हैं : भाजपा
मुजफ्फरपुर। पार्टी के 44 वें स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा के चल रहे देशव्यापी कार्यक्रम सामाजिक न्याय सप्ताह के तहत सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की ओर से स्थानीय पी&टी चौक स्थित महथा कोठी पर अनुसूचित जाति वर्ग के महिलाओं का सम्मान, जागरूकता एवं सहभोज का आयोजन किया गया।
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष राशी खत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, प्रदेश महामंत्री बेबी कुमारी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा सहित मंचासिन नेताओं ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम के आरंभ में मंचासिन अतिथियों ने उपस्थित महिलाओं का अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिला मोर्चा अध्यक्ष राशी खत्री ने कहा कि भाजपा ही एक मात्र पार्टी है, जिसने महिलाओं का सम्मान किया है। महिलाओं को उनका हक और अधिकार दिया है। भाजपा संगठन में भी महिलाओं को 33 फीसदी भागीदारी देना इसका जीवंत उदाहरण है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि देश, समाज और राजनीति से लेकर हर क्षेत्र में नारी शक्ति ने अपनी श्रेष्ठता एवं उपयोगिता साबित की है। कहा कि नारी शक्ति की जागरूकता से ही समाज में बड़ा बदलाव संभव है।
विशेषकर अनुसूचित वर्ग के महिलाओं के बीच जाकर अलख जगाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्टैंड अप इंडिया’ योजना की शुरुआत जिसके तहत बैंक एससी/एसटी और महिला उद्यमियों को एक करोड़ रुपये तक का कर्ज देगी जिसका उद्देश्य एक नया उद्यम स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये तक की सीमा में ऋण देकर अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के बीच उद्यमशीलता को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और उनके सम्मान के लिए मोदी सरकार कई योजनाएं चला रही हैं। मोदी सरकार ने महिलाओं के सम्मान के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाएं चलाई है।  कहा कि पीएम मुद्रा योजना के तहत देश भर में 12 करोड़ लोगों को मुद्रा लोन दिया गया है। इसमें 75 प्रतिशत महिला लाभार्थी है। महिलाओं ने भी इस लोन के माध्यम से अपने घरेलू रोजगार को आगे बढ़ाया और अपने को आत्म निर्भर महसूस कर रही हैं।
महिलाओं को बूथ स्तर तक जाकर भाजपा की नीतियों के बारे में बताना होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रदेश महामंत्री बेबी कुमारी ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास का नारा देने वाली मोदी सरकार ने अनुसूचित एवं पिछड़े वर्ग की महिलाओं के उत्थान का संकल्प लिया और कल्याणकारी योजनाओं के जरिये हर वर्ग को लाभ पहुंचाया. कृषि से लेकर सूक्ष्म और लघु उद्योगों में भी महिला आज आत्मनिर्भर बन रही है।
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाएं केवल महिलाओं के लिए हैं विशेषकर अनुसूचित वर्ग एवं पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई कदम उठाए हैं. जिसका लाभ बड़े पैमाने पर देश की महिलाओं को मिल रहा है. सरकार का उद्देश्य है कि महिलाएं भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें. वैसे भी हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने के लिए महिलाओं को जागरूक करना होगा। यह जागरूकता अपने घर, गांव समाज में जब एक बड़े बदलाव का संवाहक होगा तब जाकर इसका लाभ देश की आधी आबादी को मिल सकेगा।
पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा ने
कहा कि विकास व जागरूकता संबंधी अभियानों में भी महिलाएं अपनी भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। महिलाओं की सक्रियता को और अधिक बढ़ाने की जरूरत है।
कार्यक्रम को महापौर निर्मला साहु, भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की सदस्य डाo ममता रानी, जिला प्रभारी विवेक कुमार, अधिवक्ता अंजू रानी ने भी संबोधित किया।
संचालन जिला उपाध्यक्ष डाo रागीनी रानी एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष रानी सिंह ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित भाजपा नेताओं ने अनुसूचित वर्ग की महिलाओं के साथ बैठकर सामूहिक भोज में एक साथ भोजन कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महामंत्री सचिन कुमार, जिला उपाध्यक्ष विशेश्वर शंभु, अंकज कुमार, जिला मंत्री धनंजय झा, नंदकिशोर पासवान,  सुरभी शिखा, कनक मणी, समीता शर्मा, संतोष साहेब, मंडल अध्यक्ष परिमल कुमार, नंदकिशोर ठाकुर, सोनी सिंह, बीणा देवी, अंजू देवी, मंजू देवी, रूपा देवी, संगीता देवी, मीरा देवी, लाली, उषा देवी, पुष्पा देवी, अनिला देवी, अनुभव मुकेश महथा, मनोज कुमार सिंह, आयुष की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *