खबरें बिहार

सामूहिक शुभ विवाहोत्सव आर्थिक रूप से कमजोर जोड़ों का खर्च उठाएगा: अविनाश तिरंगा

मुजफ्फरपुर (जनमन भारत संवाददाता)। मिठनपुरा स्थित द पार्क होटल के सभागार में सामूहिक विवाह उत्सव के संकल्प हेतु एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। विवाहोत्सव समिति के अध्यक्ष जाने-माने साहित्यकार डॉ संजय पंकज ने कहा कि आडंबर और रूढ़ियों से मुक्त सनातन धर्म के नियमानुसार असहाय और निर्धन लोगों के लिए यह आयोजन किया जाएगा। शीघ्र ही रजिस्ट्रेशन का काम शुरू हो जाएगा और विश्वास है कि मीडिया के साथ ही साथ समाज के हर संवेदनशील लोगों और वर्गों का सहयोग इस आयोजन को मिलेगा। आज भी विवाह के आयोजन में दहेज के अलावे प्रदर्शन और दिखावे के नाम पर जो खर्च किया जाता है उससे लोगों की आर्थिक स्थिति भी कमजोर होती है। इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक  समरसता और सनातन धर्म की रक्षा है। यही हमारी भारतीय संस्कृति की विरासत और समृद्ध उपलब्धि है। अनेक लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग देने का विश्वास दिया है और वे इस पहल में आगे बढ़ कर आए हैं। विवाह में होने वाले सारे खर्च समाज के संपन्न और संवेदनशील लोग उठाएंगे। हमें हर वर्ग का सहयोग चाहिए। इस आयोजन में वैदिक रीति से कर्मकांड को संपन्न कराने के लिए श्रेष्ठ आचार्यों के साथ ही साथ धर्म और संस्कृति के कई विराट व्यक्तित्व भी उपस्थित रहेंगे। समिति के संयोजक ज्योतिषाचार्य और धार्मिक गुरु पंडित कमलापति त्रिपाठी ने कहा कि हमारा उद्देश्य वर्गों में विभाजित समाज को जोड़ना है। लोग एक दूसरे से जितना ही जुड़ेंगे हमारा समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। विवाह एक ऐसा संस्कार है जो दो व्यक्ति, दो परिवार, दो कुलों और दो क्षेत्रों को जोड़ता है। महासचिव अविनाश तिरंगा उर्फ ऑक्सीजन बाबा ने कहा कि हमें बुजुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं का उत्साह पूर्ण सहयोग चाहिए। यह एक महायज्ञ है जिसे हम समाज के सहयोग से भव्य ढंग से संपन्न कर लेंगे। इस अनूठे और आदर्श अभियान को हर तरह से सहयोग देने का विश्वास जताते हुए प्रेमभूषण, प्रमोद आजाद, वेद प्रकाश भारद्वाज, प्रकाश कुमार ठाकुर, शशांक कुमार सिंह, रवि कुमार, प्रकाश कुमार सिंह, राजेश कुमार ने भी अपने विचार प्रकट किए। इस पहल और अभियान का सहर्ष स्वागत करते हुए कई लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी की बात कही। यह विवाह उत्सव शुभ मुहूर्त पर संपन्न कराया जाएगा। संभावित महीना नवंबर या दिसंबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *