खबरें बिहार

” बड़ी देर भई नंदलाला, तेरी राह तके बृजबाला ” छोटे-छोटे बच्चों ने श्रीकृष्ण के रूप में को जीवंत कर सबका मन मोह लिया

मुजफ्फरपुर (जनमन भारत संवाददाता)। डीएवी  पब्लिक स्कूल खबड़ा के प्रांगण में  योगीराज  श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। भगवान कृष्ण और राधा के वेश में छात्रों ने परिसर को वृंदावन में बदल दिया। छात्रों द्वारा विशेष सभा का आयोजन किया गया। छात्रों को भगवान कृष्ण के जन्म से लेकर महाभारत में उनके योगदान तक की कृष्ण लीला दिखाई गई। छोटे-छोटे बच्चों ने मुकुट, मोर पंख, मटकी और बांसुरी जैसी विभिन्न शिल्प वस्तुओं को बनाया और बहुरंगी पत्थरों, दर्पणों और चमक से सजाया और भगवान कृष्ण के प्रति आभार व्यक्त किया। सभी ने माखन मिश्री और फलों के भोग का आनंद लिया। विद्यालय का पूरा वातावरण दिव्यता से भरा हुआ था।श्रीराधा, कृष्ण का रूप धरे छात्रों ने अपनी तोतली आवाज में अभिनय के द्वारा वातावरण को कृष्णमय कर दिया। बड़ी देर भई नंदलाला तेरी राह तके बृजबाला,नटखट नन्द किशोर, माखन खा गयो माखन चोर जैसे गीतों पर बच्चों ने प्रस्तुति देकर मन मोह लिया। श्री कृष्ण लीला में हिमांशु, आराध्या, गर्विक, मो. युनूस, प्रज्ञा, अर्थव, प्रणव, दर्शित, नव्या, दिव्यांश, आदित्य, नैमिष, ओजस्वी, वैभव, इशिका, रामांश, अर्शिका आदि ने हिस्सा लिया। इन बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस दौरान जय श्री कृष्णा और जय श्री राधे के जय घोष से पूरा स्कूल प्रांगण कृष्णमय हो गया।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार झा ने बताया कि योगीराज श्रीकृष्ण का राष्ट्रनायक का चरित्र अत्यन्त दिव्य है। श्री कृष्ण वेदों के प्रकाण्ड विद्वान आप्त पुरुष थे। अध्यात्म के विराट आकाश में श्रीकृष्ण ही अकेले ऐसे व्यक्ति हैं जो धर्म की परम गहराइयों व ऊंचाइयों पर जाकर भी न तो अधिक गंभीर दिखाई देते हैं और न ही उदासीन दीख पड़ते हैं, अपितु पूर्ण रूप से जीवनी शक्ति से भरपूर व्यक्तित्व हैं। छोटे-छोटे बच्चों में यह संस्कार पल्लव पुष्पित होना एक अच्छी बात है।

डीएवी संस्था तथा आर्य समाज संस्कार तथा देश प्रेम की भावना प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, उसी का यह एक उदाहरण है कि छोटे बच्चे इतने उत्साहित होकर योगीराज श्री कृष्ण की बालस्वरूप सभी को अपने अपने ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिका रंजना तिवारी, रश्मि कुमारी, प्रीति कुमारी, अनामिका पांडे, सपना कुमारी, पारामिता पाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *