खबरें बिहार

हर घर तिरंगा लगाने का अभियान लोगों में देशभक्ति की भावना पैदा करने के लिए काफी महत्वपूर्ण है: रंजन

-राष्ट्र भक्ति जाग्रत करने वाले इस अभियान को पूरी ताकत से सफल बनाने में हर कार्यकर्ता जुट जाए: रंजन
मुजफ्फरपुर (जनमन भारत संवाददाता)। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी को लेकर शुक्रवार को स्थानीय मीठनपुरा स्थित एक होटल के सभागार में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक, मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक हुई । बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की रणनीति तय की गई। इसे लेकर कई निर्णय भी लिए गए। बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश  आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक नेतृत्व के निर्देश पर आजादी के अमृत महोत्सव पर होने वाले देशव्यापी कार्यक्रम हर घर तिरंगा अभियान 09 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे देश में आयोजित किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अभियान पूरे जिले में सफल हो इस हेतु मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित कर योजना बनाई जाए। उन्होंने अभियान का प्रचार प्रसार करने को भी कहा।  कहा कि राष्ट्र भक्ति जाग्रत करने वाले इस अभियान को पूरी ताकत से सफल बनाने में हर कार्यकर्ता जुट जाए। अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 09 से 11 अगस्त तक अभियान का प्रचार प्रसार और जगह जगह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 11 से 13 अगस्त तक रघुपति राघव राजाराम भजन और वंदे मातरम गाते हुए प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त हर घर में तिरंगा लगाया जाएगा और अभियान की सफलता हेतु संगठन का हरेक कार्यकर्ता पूरा सहयोग करेगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने की दिशा में सभी कार्यकर्ता अभी से ही जुट जाएं।
कहा कि 13-15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लगाने का अभियान लोगों में देशभक्ति की भावना पैदा करने के लिए काफी महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं को यह प्रयास करना है कि 11 से 15 अगस्त तक लगातार हर घर में राष्ट्रीय ध्वज नजर आएं इसके लिए सभी कार्यकर्ता अपने स्तर प्रयास करें पार्टी के द्वारा भी पूरे जिलें में 2 लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार कराकर लोगों को उपलब्ध कराने के साथ घर-घर तिरंगा लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
11 से 14 तारीख तक सभी शहीदों की प्रतिमाओं पर सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। युवा मोर्चा द्वारा मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी और महिला मोर्चा द्वारा पैदल यात्रा निकाली जाएगी।
15 अगस्त को संपूर्ण जिला तिरंगा मय हो ऐसा संकल्प हमें यहां से लेकर जाना है। इस अभियान को हर घर तक पंहुचाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। जानकारी जिला मिडिया प्रभारी सम्राट कुमार ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *