–घर में घुसकर युवक को गोली मारी, हालत गंभीर, पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
मुजफ्फरपुर (जनमन भारत संवाददाता)। शहर के बीचोबीच में काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा मिल्की टोला में बुधवार देर रात करीब 1 बजे नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुसकर मैकेनिकल इंजीनियर जियाउर रहमान को गोली मार दी। इस दौरान अपराधियों ने 4 राउंड फायरिंग की। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इधर, गोलीबारी की सूचना पर काजी मोहम्मदपुर थानेदार सत्येंद्र कुमार सिन्हा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में युवक को सदर अस्पताल ले गए। जहां से डॉक्टरों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि एक गोली जियाउर को लगी है। जो पेट के निचले हिस्से को चीरते हुए जांघ में जाकर फंस गई है। डॉक्टर उसे निकलने की कोशिश में लगे हुए हैं। इधर, थानेदार ने बताया कि घायल युवक समस्तीपुर के दलसिंहसराय का रहने वाला है। जिसकी पहचान जियाउर रहमान के रूप में हुई है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों ने भी घटना का कारण स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि नकाबपोश दो अपराधी छत के रास्ते सीढ़ी से होते घर में घुसे थे। बरामदे के पास जियाउर सोया हुआ था। इसके बाद अपराधी ने उससे पूछा कि तुम ही आरिफ हो..जब तक जियाउर कुछ समझता अपराधी ने एक राउंड फायर कर दिया। इसके बाद उसने हथियार छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधियों ने दूसरी राउंड फायरिंग कर दी। इसमें उसको पेट के पास गोली लग गई। जो जांघ में जाकर फंस गई है।
फायरिंग की आवाज पर जब तक परिवार के लोग उठते तब तक अपराधी दो राउंड फायरिंग करते हुए फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में जियाउर के परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जियाउर के बहनोई हसनैन आरिफ सोलर कारोबारी है। दो दिन पूर्व अपने पिता मोतिउर रहमान के साथ मुजफ्फरपुर स्थित बहनोई के घर पहुंचा था। यहां वह अपने पिता के आंख का ऑपरेशन कराने के लिए आया था। बताया गया कि रात को परिवार के लोग खाना खाकर सोने चले गए थे। इसके बाद देर रात अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया।